लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री (Akhilesh Yadav On BJP) अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की विघटनकारी नीतियों से देश और समाज के समक्ष संकट खड़ा हो गया है। भाजपा आरएसएस अपने जन्म के प्रारम्भ से ही समाज को बांटने और नफरत की राजनीति को बढ़ावा देती आई है। सत्ता में भाजपा के आने के बाद से सामाजिक सद्भावना के साथ खिलवाड़ बढ़ गया है।भाजपा सरकार के शासनकाल में असहिष्णुता और लोकतंत्र की अवमानना बढ़ी है। संसद में जनता की आवाज दबाई जा रही है तो सत्तासीनों के विरोध में बोलने पर उन्हें यातनाएं झेलनी पड़ती है।
इसे भी पढ़ें – हाथरस में सड़क हादसा, गोवर्धन परिक्रमा के लिए जा रहे पांच श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल
Akhilesh Yadav On BJP – समाज का हर वर्ग भाजपा की गलत नीतियों के चलते आंदोलित और आक्रोशित है। उसे अब सन् 2024 का ही इंतजार है जब वह अपने मताधिकार से अंहकारी भ्रष्ट भाजपा सरकार को हटाएगा। भाजपा राजनीतिक सत्ता पाने के लिए धर्म का दुरूपयोग करने से संकोच नहीं करती है। देश में सांप्रदायिक वैमनस्यता फैलाने के लिए भाजपा कट्टरता को बढ़ावा दे रही है। बुलडोजर संस्कृति अपनाकर दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को लगातार डराया जा रहा है। इससे देश में आतंक का माहौल बना है। भाजपा की साम्प्रदायिक राजनीति जनजीवन को विषाक्त बना रही है।
इसे भी पढ़ें – स्वर्ण रजत निर्मित हिंडोली में विराजेंगे ठाकुर बांके बिहारी लाल, मंदिर परिसर में हरियाली तीज को लेकर तैयारियां हुई प्रारम्भ
भाजपा राज में अपराधों में भारी वृद्धि हुई है। महिलाएं और बच्चियां सर्वाधिक असुरक्षित हैं। पुलिस हिरासत में मौतें हो रही हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग लगातार नोटिसें दे रहा है। इस सबके बावजूद अपराध कम नहीं हो रहे हैं। अपराधी बेखौफ हैं। लूट, हत्या, अपहरण की घटनाएं रोज ही होती है। भाजपा राज में जंगलराज है। भाजपा जनता के बुनियादी मुद्दों महंगाई, बेरोजगारी से भागती है। अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए तरह- तरह के हथकंडे अपनाती है। भाजपा को प्रदेश के विकास से कोई मतलब नहीं है। सत्ता के लिए भाजपा अराजकता फैला रही है। अराजक तत्वों और दंगाइयों को प्रश्रय दे रही है।