देडियापाड़ा : वन विभाग के कर्मियों को कथित तौर पर धमकाने और (AAP MLA Surrendered) हवाई फायरिंग करने के मामले में महीने भर से अधिक समय से फरार गुजरात के आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा ने नर्मदा जिले के देडियापाड़ा कस्बे में पुलिस के समक्ष बृहस्पतिवार को आत्मसमर्पण कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वसावा सुबह यहां आप कार्यालय से जुलूस का नेतृत्व करने के बाद अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ देडियापाड़ा पुलिस थाने पहुंचे। उनके जुलूस के कुछ वीडियो उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर भी साझा किये हैं।
इसे भी पढ़ें – संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वाली नीलम है अच्छी-खासी पढ़ी लिखी, 6 डिग्री और NET क्वालिफाई
उनके आत्मसमर्पण के बाद उन्हें पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम सरवैया ने बताया कि उनके साथ तीन अन्य आरोपियों ने भी आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा, दो नवंबर को अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वसावा फरार थे। तीन अन्य आरोपी भी फरार थे, जिन्होंने वसावा के साथ आज हमारे सामने आत्मसमर्पण कर दिया। हमने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें निर्धारित समय सीमा के अंदर अदालत में पेश किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – संसद सुरक्षा चूक मामला : फरार मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी
AAP MLA Surrendered – वसावा की पत्नी शकुंतला, उनके निजी सहायक जीतेंद्र वसावा के साथ किसान रमेश भाई को मामला दर्ज होने के बाद पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था और वे अब भी जेल में हैं। जनजातीय समुदाय के नेता वसावा देडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित) का प्रतिनिधित्व करते हैं और विधानसभा में आप के विधायक दल के नेता हैं। वह आप की केंद्रीय गुजरात इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं।