बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के विभिन्न इलाकों की सड़कें इन दिनों बेहद दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी हैं। शहर के सरकंडा, तिफरा, तोरवा, मंगला, उसलापुर, व्यापार विहार और पुराना बस स्टैंड समेत लगभग हर क्षेत्र में डामर उखड़ चुका है, सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और उड़ती धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बदहाल सड़कों के कारण स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक रोजाना किसी न किसी सड़क दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, वहीं गंभीर मरीजों को भी अस्पतालों तक समय पर पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिक सुरक्षा मंच ने वार्डों का निरीक्षण कर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप: संयोजक अमित तिवारी ने प्रशासन के समक्ष रखी चार प्रमुख मांगें
इस गंभीर समस्या को लेकर ‘नागरिक सुरक्षा मंच’ ने शहर के विभिन्न वार्डों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और इन बदहाल सड़कों के लिए निर्माण कार्यों में बरती गई लापरवाही तथा भारी भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया है। मंच के संयोजक अमित तिवारी ने इस बाबत जिला प्रशासन के समक्ष चार सूत्रीय प्रमुख मांगें रखी हैं, जिसमें सबसे मुख्य मांग यह है कि खराब सड़कों का वार्डवार सर्वे कराया जाए और आगामी 3 दिन के भीतर इसकी विस्तृत सूची सार्वजनिक की जाए।


