बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बुधवार को अपने आधिकारिक उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं, जिसमें (Bihar Legislative Council Election ) पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, सारण शिक्षक और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
Bihar Legislative Council Election – जेडीयू की ओर से जारी नई सूची के अनुसार, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एक बार फिर नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है.
आलाकमान ने नीरज कुमार पर जताया भरोसा
खास बात है कि पटना स्नातक सीट पर मोकामा के विधायक अनंत सिंह और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार के बीच टिकट को लेकर जबरदस्त राजनीतिक खींचतान और जुबानी जंग चल रही थी. अनंत सिंह नीरज कुमार की उम्मीदवारी का लगातार विरोध कर रहे थे. हालांकि, पार्टी आलाकमान और शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद सभी विवादों को दरकिनार करते हुए अंततः नीरज कुमार पर दोबारा भरोसा जताया गया है.


