कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर के ऐतिहासिक नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक (Kanker Yuva Udaan Event) विद्यालय परिसर में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं से देश निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवा ही देश की असली ताकत और उज्ज्वल भविष्य हैं।
Kanker Yuva Udaan Event – विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हर क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में विकास की यह गति और तेज होगी।उन्होंने युवाओं से शासकीय योजनाओं का भरपूर लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करने की अपील की। तोमर ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मेडिकल कॉलेज, एम्स और एमबीबीएस की सीटों में हुई उल्लेखनीय बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य युवा कंधों के बल पर ही पूरा होना है।
नशे से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान दें युवा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने युवाओं से अच्छी संगति अपनाने, माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे की बुरी लत से पूरी तरह दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशे के कारण कई बार होनहार युवा गंभीर दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।युवाओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए एक सफल नागरिक बनना चाहिए। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित भी किया गया।


