रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी द्वारा संगठन को धार देने और वर्ष 2028 के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडर को वैचारिक रूप से मजबूत करना, जमीनी स्तर पर संगठन का विस्तार करना और अभी से चुनावी मोड में आना है। जोरा स्थित प्रतिष्ठा मांगलिक भवन में आयोजित इस शिविर में रायपुर संभाग के (Chhattisgarh Politics News) सभी ब्लॉक अध्यक्ष और मास्टर ट्रेनर शिरकत कर रहे हैं।
Chhattisgarh Politics News -रायपुर संभाग के इस महत्वपूर्ण आवासीय प्रशिक्षण शिविर में संभाग के कुल 74 ब्लॉक अध्यक्षों तथा चयनित मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान संगठन संचालन, पार्टी की मूल विचारधारा, जनसरोकार के मुद्दे और बूथ स्तर की राजनीतिक गतिविधियों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यक्रम के उद्घाटन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव तथा पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया समेत पार्टी के कई शीर्ष नेता एक मंच पर उपस्थित रहे।
भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं को दिया सियासी मंत्र
प्रशिक्षण के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘वर्तमान राजनीति में धर्म एवं धर्मनिरपेक्षता’ विषय पर अपना व्याख्यान दिया और कार्यकर्ताओं को पार्टी के वैचारिक मूल्यों से अवगत कराया वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ‘छत्तीसगढ़ सरकार का राजस्व प्रबंधन और जनकल्याणकारी योजनाओं में व्यय’ विषय पर विस्तृत सत्र लिया, जिसमें उन्होंने राज्य सरकार के बजटीय आंकड़ों का विश्लेषण प्रस्तुत किया।


