जबलपुर : फेसबुक पर हुई दोस्ती, 6 वर्षों तक दुबई में लिव-इन रिलेशनशिप और फिर जबलपुर के गुरुद्वारे में पूरे रीति-रिवाज से विवाह—किसी फिल्मी पटकथा जैसी प्रतीत होने वाली यह प्रेम कहानी अब पुलिस थाने के कटघरे में पहुंच गई है। दुबई स्थित एक बहुराष्ट्रीय आईटी (IT) कंपनी में कंट्री हेड के पद पर कार्यरत अश्विंदर कौर अपने (Jabalpur Crime News) पति सुनील ठाकुर को तलाशते हुए सात समंदर पार दुबई से सीधे जबलपुर पहुंची हैं।
Jabalpur Crime News – पत्नी का गंभीर आरोप है कि भारत लौटने के बाद पति ने उनसे पूरी तरह दूरी बना ली, बातचीत बंद कर दी और ससुराल पक्ष उनका स्त्रीधन, नकदी तथा सोने के गहने वापस करने से मुकर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर के गोहलपुर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
6 साल के रिश्ते के बाद हुआ था विवाह
पीड़िता अश्विंदर कौर के अनुसार, जबलपुर के त्रिमूर्ति नगर निवासी सुनील ठाकुर से उनका संपर्क अक्टूबर 2020 में फेसबुक के माध्यम से हुआ था। जान-पहचान बढ़ने के बाद सुनील 9 नवंबर 2020 को दुबई पहुंच गए, जहां दोनों करीब 6 वर्षों तक साथ रहे। 23 फरवरी 2025 को दोनों ने जबलपुर के सिविक सेंटर स्थित गुरुद्वारे में परिजनों की उपस्थिति में विवाह किया था। अश्विंदर का कहना है उन्होंने शादी से पूर्व ही अपनी आयु, अपने पिछले दो विवाहों और पारिवारिक पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी सुनील को दे दी थी।
आर्थिक खींचतान से बिगड़े रिश्ते
पीड़िता का कहना है कि दोनों के आर्थिक स्तर में भारी अंतर था। वह दुबई में प्रति माह करीब ₹4.5 लाख अर्जित करती थीं, जबकि उनके पति की मासिक आय लगभग ₹55,000 थी।अश्विंदर का दावा है जब तक वह पति की आर्थिक जरूरतों को पूरा करती रहीं, संबंध सामान्य रहे; लेकिन जब उनकी स्वयं की वित्तीय स्थिति पर दबाव आया और वह अनुचित मांगें पूरी नहीं कर पाईं, तो रिश्तों में कड़वाहट आ गई।


