इंदौर : शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बायपास स्थित ‘ला एक्जोटिका कॉलोनी’ में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मामूली कहासुनी के बाद एक कार चालक ने सुरक्षा में तैनात चौकीदार को तेज रफ्तार कार से कुचल दिया। इस नृशंस हमले में चौकीदार की उपचार के दौरान मौत हो गई, (watchman crushed to death) जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक और उसके साथ मौजूद युवती की तलाश तेज कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात एक युवक अपनी कार में एक युवती के साथ ला एक्जोटिका कॉलोनी पहुंचा था। गेट पर तैनात चौकीदार धर्मेंद्र ने सुरक्षा नियमों के तहत देर रात आने का कारण पूछा और अंदर जाने से रोका। इसी बात को लेकर कार चालक और धर्मेंद्र के बीच तीखी बहस होने लगी। विवाद की आवाज सुनकर धर्मेंद्र की पत्नी ज्योति भी बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंच गई।
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी चालक कार लेकर कुछ दूर आगे गया, लेकिन फिर गुस्से में उसने गाड़ी मोड़ी और पूरी रफ्तार से धर्मेंद्र और ज्योति की तरफ दौड़ा दी। आरोपी ने सीधे चौकीदार दंपती को कुचलने का प्रयास किया, जिसकी चपेट में आने से धर्मेंद्र बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और ज्योति को भी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा धर्मेंद्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी युवक और युवती की पहचान में जुटी पुलिस
watchman crushed to death – लसूड़िया थाना पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कॉलोनी के मुख्य द्वार और बायपास की कनेक्टिंग सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कार के नंबर और आरोपी की पहचान की जा सके।


