लुधियाना : महानगर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत ड्रग कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहीद भगत सिंह कॉलोनी में स्थित ‘पवन मेडिकल हॉल’ पर गुप्त सूचना के आधार पर औचक छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली ट्रामाडोल (Big raid on medical store) गोलियां जब्त की गई हैं। मौके से मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Big raid on medical store – ड्रग कंट्रोल अफसर (जोन-3, लुधियाना) इंस्पेक्टर नवदीप सिंह संधू ने बताया कि उन्हें एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गली नंबर 3, शहीद भगत सिंह कॉलोनी स्थित ‘पवन मेडिकल हॉल’ में धड़ल्ले से प्रतिबंधित नशीली गोलियों की अवैध बिक्री की जा रही है। युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए सूचना मिलते ही ड्रग कंट्रोल विभाग और पुलिस पार्टी ने संयुक्त रूप से उक्त मेडिकल स्टोर पर औचक छापेमारी की।
डिब्बों में छिपाकर रखी गई थीं 49,000 ट्रामाडोल टैबलेट्स
दुकान और स्टॉक की गहनता से तलाशी लेने पर वहां से ट्रामाडोल (TROHMA-100 SR) की भारी खेप बरामद हुई। कुल 98 डिब्बे मिले, जिनमें प्रत्येक डिब्बे में 50 पत्ते और प्रत्येक पत्ते में 10 गोलियां थीं (यानी प्रति डिब्बा 500 गोलियां)। इस प्रकार कुल 49,000 प्रतिबंधित नशीली गोलियां मौके से जब्त की गईं।


