मुंबई : महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘गूंगी गुड़िया’ कहे जाने पर मुंबई कार्याध्यक्ष मनीषा तुपे ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी तीव्र निंदा की है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि शायद कांग्रेस को अपना ही इतिहास याद नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी (Maharashtra politics) को भी एक दौर में राजनीतिक विरोधियों द्वारा “गूंगी गुड़िया” कहकर अपमानित किया गया था।
Maharashtra politics – किंतु उन्होंने अपने सशक्त नेतृत्व, दृढ़ निर्णय क्षमता और अद्भुत साहस से संपूर्ण विश्व को करारा जवाब दिया और खुद को ‘आयरन लेडी’ के रूप में स्थापित किया। मनीषा तुपे ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती है, तो उनके विरुद्ध पूरे राज्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मनीषा तुपे ने राजनीतिक संस्कृति पर उठाए सवाल
मनीषा तुपे ने आगे कहा, “यह बयान केवल सुनेत्रा पवार का व्यक्तिगत अपमान नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र में नेतृत्व की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने वाली प्रत्येक सक्षम और कर्तृत्ववान महिला का अपमान है। राजनीति में वैचारिक असहमति और मतभेद होना स्वाभाविक है, परंतु किसी महिला नेता के विरुद्ध व्यक्तिगत और स्तरहीन भाषा का प्रयोग करना महाराष्ट्र की सुसंस्कृत और सभ्य राजनीतिक परंपरा के कतई अनुरूप नहीं है।”


