रांची/नई दिल्ली: झारखंड में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में झारखंड के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसदों (protested against Hemant government) ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
protested against Hemant government – प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने हेमंत सोरेन सरकार और सत्ता में शामिल कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी सांसदों ने राज्य की सभी सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा और पिछले छह वर्षों के दौरान आयोजित की गई सभी विवादित परीक्षाओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराए जाने की पुरजोर मांग उठाई।
“दिल्ली में कुछ और, झारखंड में मौन”
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर छात्रों और युवाओं के संवेदनशील मुद्दों पर दोहरा मापदंड अपनाने का तीखा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली में तो युवाओं के हक पर बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन झारखंड में जेपीएससी (JPSC), जेएसएससी-सीजीएल (JSSC-CGL) और अन्य भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित घोटालों व पेपर लीक मामलों पर पूरी तरह चुप्पी साधे बैठी है।
‘हेमंत सोरेन इस्तीफा दो’ के नारों से गूंजा संसद परिसर
बीजेपी सांसदों ने एक बार फिर अपनी मांग दोहराई कि हेमंत सोरेन सरकार के पूरे कार्यकाल के दौरान आयोजित सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक कांडों की सीबीआई जांच कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने ‘हेमंत सोरेन इस्तीफा दो’, ‘युवाओं के भविष्य का सौदा बंद करो’, ‘युवाओं का भविष्य सुरक्षित करो’ और ‘कांग्रेस दोहरी राजनीति बंद करे’ जैसे आक्रामक नारे लगाए।


