पटना: राजधानी पटना के दो प्रमुख कोचिंग संचालकों—ज्ञान बिंदु के रौशन आनंद और खान ग्लोबल के फैजल खान—के बीच चल रहा विवाद अब एक बड़ी आपराधिक साजिश के आरोपों में बदल गया है। रौशन आनंद ने कदमकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया है कि उनके 24 वर्षीय भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर (Patna Coaching Controversy) में हुई मौत महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि फैजल खान और अन्य सहयोगियों द्वारा रची गई एक सुनियोजित हत्या है।
इसे भी पढ़ें – ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को मिली जमानत; पटना सिविल कोर्ट का फैसला
Patna Coaching Controversy – रौशन आनंद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जब वे बेउर जेल में बंद थे, तब फैजल खान, कोल्ड स्टोरेज मालिक डॉ. रामाशंकर प्रसाद और मैनेजर कन्हैया कुमार सिंह ने उनके खिलाफ एक बड़ी साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत उनके भाई प्रिंस यादव की 13 जून को नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्होंने इसे अपने परिवार को खत्म करने का प्रयास बताया है।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
बुधवार को रौशन आनंद अपने वकील के साथ कदमकुआं थाने पहुंचे और करीब पांच घंटे तक धरने पर बैठे रहे। उनका आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण स्थानीय पुलिस उनकी एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, “थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करने से साफ मना कर दिया। हमने एसएसपी और आईजी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली।”


