रांची: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल से जुड़ी ट्रेनों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं. रेलवे मंत्रालय ने हटिया–दुर्ग स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला किया है. इसके साथ ही पोत्तनूर से धनबाद के बीच नई अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन की भी घोषणा की गई है.
रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ट्रेन संख्या 08185/08186 हटिया–दुर्ग स्पेशल को अब ट्रेन संख्या 18641/18642 हटिया–दुर्ग द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित किया गया है. यह ट्रेन 2 अप्रैल 2026 से हर मंगलवार और गुरुवार को हटिया से प्रस्थान करेगी.
3 अप्रैल से हर बुधवार और शुक्रवार को दुर्ग से हटिया के लिए चलेगी ट्रेन
वहीं वापसी में 3 अप्रैल 2026 से हर बुधवार और शुक्रवार को दुर्ग से हटिया के लिए चलेगी. यह ट्रेन हटिया, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, चंपा, बिलासपुर और रायपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. ट्रेन में कुल 15 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच शामिल हैं.
पोत्तनूर–धनबाद–पोत्तनूर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस
रेल मंत्रालय ने यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से पोत्तनूर–धनबाद–पोत्तनूर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 16619/16620) के परिचालन की भी घोषणा की है. यह ट्रेन 21 मार्च 2026 से प्रत्येक शनिवार को पोत्तनूर से धनबाद के लिए रवाना होगी, जबकि 23 मार्च 2026 से हर सोमवार को धनबाद से पोत्तनूर के लिए चलेगी. यह ट्रेन कोयम्बत्तूर, काटपाडी, विजयवाड़ा, रायगड़ा, संबलपुर, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी और बोकारो स्टील सिटी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी.
लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को मैहर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव
इसी के साथ नवरात्रि को देखते हुए रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18609/18610) को मैहर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है. यह ठहराव 19 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक पांच मिनट के लिए दिया जाएगा, जिससे मां शारदा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी.
परिचालन पर अस्थायी प्रभाव
वहीं दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्य के कारण कुछ ट्रेनों के परिचालन पर अस्थायी प्रभाव भी पड़ेगा. खड़गपुर–हटिया एक्सप्रेस (18035/18036) का 17 और 20 मार्च 2026 को आद्रा स्टेशन पर आंशिक समापन और प्रारंभ होगा, जिससे इस दौरान आद्रा से हटिया के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा. इसके अलावा टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस (18601) को 17, 18 और 20 मार्च को परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी.
यात्रियों ने दी प्रतिक्रिया
रेलवे के इस फैसले पर यात्रियों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. यात्री अमित कुमार कहते हैं हटिया–दुर्ग ट्रेन के नियमित होने से झारखंड और छत्तीसगढ़ के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. पहले स्पेशल ट्रेन होने के कारण टिकट कन्फर्म होने में परेशानी होती थी, अब यात्रा ज्यादा सुविधाजनक होगी.
वहीं रीना देवी का कहना है नवरात्रि के समय मैहर स्टेशन पर ठहराव मिलने से मां शारदा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा होगी. इससे यात्रा आसान हो जाएगी. यात्रियों का मानना है कि रेलवे द्वारा उठाए गए ये कदम क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ-साथ यात्रा को भी अधिक सुविधाजनक बनाएंगे.


