इंदौर: प्रयागराज महाकुंभ मेले में अपनी खूबसूरत आंखों और सादगी से रातों-रात मशहूर हुईं मोनालिसा भोसले ने शादी कर ली है. 11 मार्च 2026 को केरल के तिरुवनंतपुरम में उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है. मोनालिसा के पिता जय भोंसले, इस अंतरधार्मिक रिश्ते के खिलाफ थे लेकिन मोनालिसा (Monalisa of Mahakumbh got married) अपने बॉयफ्रेंड से ही शादी करना चाहती थीं. मध्य प्रदेश में शादी के विरोध की आशंका के चलते इस जोड़े ने तिरुवनंतपुरम के तम्पानूर पुलिस स्टेशन में शरण ली और शादी में सुरक्षा की गुहार लगाई.
Monalisa of Mahakumbh got married – मोनालिसा और बॉयफ्रेंड फरमान को डर था कि देश के अन्य हिस्सों में उनके रिश्ते का कड़ा विरोध होगा, इसलिए उन्होंने केरल को अपने लिए एक सुरक्षित स्थान के रूप में चुना. इस दौरान उन्होंने मंदिर में एक दूसरे को वरमाला पहनाकर शादी की रस्में पूरी की. यहां भी शादी में विरोध की स्थिति ना बने इसलिए पुलिस भी तैनात की गई थी. उनकी शादी के दौरान केरल के कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे, जिनमें CPM राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन और मंत्री वी. शिवनकुट्टी शामिल थे.
6 महीने पहले हुआ प्यार
मोनालिसा ने इस दौरान तिरुवनंतपुरम में मीडिया के सवाल पर जवाब दिया कि वे दोनों 6 महीने से एक दूसरे के प्यार में हैं. वहीं, फरमान खान ने कहा, ” बहुत से मीडिया चैनल में मोनालिसा को नाबालिग बता रहे हैं पर मोनालिसा 18 साल से ज्यादा की हैं.”
डायरेक्टर सरोज बोले- मोनालिसा लव जिहाद का शिकार
इस बीच मोनालिसा को फिल्मों में मौके देने वाले पहले डायरेक्टर सनोज ने इसे लव जिहाद का मामला बताया. उन्होंने कहा, ” ये मेरी जिंदगी का सबसे बुरा दिन है. महाकुंभ में वायरल हुई मोनालिसा मुझे गंगा जैसी पवित्र दिखाई दी थी, उसका प्रकृति जैसा रूप था, जिसके बाद मैंने उसे ट्रेनिंग देकर फिल्म में मौका दिया पर ये बात कुछ विरोधियों को पसंद नहीं आई. मोनालिसा साजिश का शिकार हो गई है, ये प्यार नहीं लव जिहाद है.”


