रामगढ़ : रजरप्पा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रामगढ़ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. वायरल वीडियो में श्रद्धालुओं (assault on devotees) के साथ जिस तरह पुलिसकर्मियों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट की जा रही थी. उसकी गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक खुद रजरप्पा मंदिर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की.
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने मौके पर स्थिति की जानकारी लेने के बाद तत्काल कार्रवाई की है. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चार जैप (झारखंड सशस्त्र पुलिस) जवानों और एक होमगार्ड जवान को निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कप देखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें – ममता सरकार पर भड़कीं लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी! राष्ट्रपति के अपमान पर जताया कड़ा ऐतराज
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाया गया, जिसके बाद संबंधित कर्मियों पर तत्काल विभागीय कार्रवाई की गई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि रजरप्पा मंदिर जैसे आस्था के केंद्र में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी हाल में श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और पुलिसकर्मियों को भी अपनी जिम्मेदारियों का पालन संयम और अनुशासन के साथ करना होगा.
assault on devotees – जिन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है उनमें आरक्षी श्याम लाल महतो, आरक्षी राधेश्याम कुजूर, आरक्षी बहादुर उरांव और आरक्षी जॉनसन सुरीन शामिल हैं. ये सभी आरक्षी सैट-112 कैम्प रजरप्पा, झारखंड सशस्त्र पुलिस-04 बोकारो में तैनात थे. इन सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय झारखंड सशस्त्र पुलिस-04, बोकारो निर्धारित किया गया है.


