सरगुजा : संभाग में चल रहे एसआईआर यानि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम पूरा हो गया है. करीब चार महीनों तक चली प्रक्रिया के बाद शनिवार को कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया. बड़ी बात यह रही कि एसआईआर की प्रक्रिया के बाद सरगुजा में (SIR process completed) मतदाताओं की संख्या 3 हजार 818 की वृद्धि हुई है. इस मौके पर कलेक्टर ने राजनीतिक दलों को मतदाता सूची से जुटी अहम जानकारी साझा की.
SIR process completed – चार महीने पहले प्रदेश में भी मतदाता सूची के गहन विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई थी. 27 अक्टूबर 2025 से जिले में निर्वाचक नामावलियों के एसआईआर की सूची जारी की गई. इस दौरान 1 जनवरी 2026 के आधार पर चार माह तक निरंतर एवं चरणबद्ध रूप से संचालित इस अभियान के पश्चात 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया.
कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा, ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गई, जिनका निराकरण 14 फरवरी तक नियमानुसार किया गया. ड्राफ्ट प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 के अनुसार जिले में 5 लाख 98 हजार 492 मतदाता थे, जबकि प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 27 अक्टूबर को किया गया. जिसमें मतदाताओं की संख्या 6 लाख 74 हजार 980 थी. वहीं अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या 21 फरवरी की स्थिति में 6 लाख 2 हजार 310 है. इस प्रकार जिले में 3 हजार 818 मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है.


