धनबादः जिले के कतरास बाजार स्थित टांड़ बस्ती निवासी बीएसएफ जवान मोहम्मद मिनाज इन दिनों अपने ही घर की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं. जवान का आरोप है कि भू-माफियाओं ने पहले फर्जी दस्तावेज के जरिए उसकी पुश्तैनी जमीन के कागज में हेरफेर की कोशिश की और अब उसके घर पर ही कब्जा जमा लिया है. इतना (terror of land mafia) ही नहीं घर की ओर सीसीटीवी कैमरा लगाकर उनके परिवार की निजता तक भंग की जा रही है. मामले में बीएसएफ जवान ने डीसी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
धनबाद के कतरास बाजार स्थित टांड़ बस्ती निवासी बीएसएफ जवान मोहम्मद मिनाज वर्तमान में पंजाब में तैनात हैं. उनका आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर भू-माफियाओं ने उनकी 95 डिसमिल पुश्तैनी जमीन में गड़बड़ी की कोशिश की.
जवान का आरोप है कि जाकिउल्लाह उर्फ तनवीर नाम के व्यक्ति ने अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और राजस्व रिकॉर्ड में जमीन का रकबा कम करा दिया. हालांकि बाद में जांच में यह गड़बड़ी पकड़ी गई और रिकॉर्ड दुरुस्त किया गया, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका. अब जवान का आरोप है कि प्रेम महतो नामक व्यक्ति ने उनके घर और संपत्ति पर ही अवैध कब्जा जमा लिया है. परिवार का कहना है कि घर की ओर सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है, जिससे घर की महिलाएं असहज महसूस करतीं हैं.
terror of land mafia – मामले की जानकारी मिलने के बाद पंजाब में ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवान को छुट्टी लेकर घर लौटना पड़ा. उनका आरोप है कि उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है.


