राजस्थान के उदयपुर में शनिवार सुबह हुए एक भीषण कार हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हैं. अब इस हादसे से (Udaipur Car Accident) ठीक पहले का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कार का स्पीडोमीटर 100, 120 और फिर 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार छूता नजर आ रहा है. कार को शेर मोहम्मद नाम का युवक चला रहा था. वीडियो में पीछे बैठा एक दोस्त लगातार उसे रफ्तार कम करने के लिए टोक रहा था, लेकिन ड्राइवर ने अनसुना कर दिया. वीडियो शुरू होने के महज 70 सेकंड के भीतर कार अनियंत्रित होकर दूसरी कार से टकरा गई.
इसे भी पढ़ें – जयपुर-दिल्ली हाईवे पर ‘मौत’ का तांडव! टैंकर और ट्रेलर की भिड़ंत के बाद केमिकल रिसाव से लगी भीषण आग
हादसे के बाद का मंजर और भी भयावह था. मलबे में तब्दील हो चुकी कार के अंदर से मदद की गुहार लगाती आवाजें सुनाई दे रही थीं. वीडियो में एक युवक को यह कहते सुना जा सकता है- “कोई हमें बचा लो, मैं अंदर फंसा हुआ हूं. भाई मुझे सांस नहीं आ रही है, क्या कोई सुन रहा है?” लेकिन जब तक मदद पहुंचती, काल ने चार दोस्तों को अपनी आगोश में ले लिया था.
Udaipur Car Accident – घटनाक्रम के अनुसार, बरकत कॉलोनी निवासी अयान का 16 जनवरी को जन्मदिन था. जश्न मनाने के लिए अयान अपने पांच दोस्तों के साथ सवीना इलाके के नेला तालाब के पास एक धार्मिक कार्यक्रम महफिल-ए-मिलाद में गया था. वहां से लौटते समय सभी दोस्त चाय पीने के लिए निकले थे. शनिवार सुबह करीब 3 बजे दो कारों की इस भीषण भिड़ंत ने चार घरों के चिराग बुझा दिए.


