रांची : झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लंबे समय से चल रहे संगठन पर्व का समापन हो गया. राज्यसभा सांसद आदित्य साहू को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया. यह घोषणा (Rajya Sabha MP Aditya Sahu) केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड संगठन पर्व के चुनाव अधिकारी जुएल उरांव ने रांची के कार्निवाल बैंकेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में की. आदित्य साहू एकमात्र उम्मीदवार थे, जिन्होंने नामांकन दाखिल किया था, जिसके कारण उनका निर्विरोध चुनाव हुआ.
21 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नाम घोषित
जुएल उरांव ने 21 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नाम भी घोषित किए. इनमें लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, अन्नपूर्णा देवी, रघुवर दास, (Rajya Sabha MP Aditya Sahu) चंपाई सोरेन, भानुप्रताप शाही, अभयकांत प्रसाद, गीता कोड़ा, मधु कोड़ा, प्रदीप वर्मा सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल हैं.
आदित्य साहू का भावुक पहला भाषण- पार्टी को मां बताया
अपने पहले भाषण में आदित्य साहू ने पार्टी को “मां” करार देते हुए कहा, “भाजपा हमारी मां है, इस मां ने हमें जो पहचान दी है, उसका मैं आजन्म ऋणी रहूंगा.” उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहित पार्टी के पुरोधाओं को नमन किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी में बूथ स्तर से कोई भी शिखर तक पहुंच सकता है. उन्होंने “चरैवेति-चरैवेति” का मंत्र देते हुए धैर्य बनाए रखने की बात कही.


