जबलपुर : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. अमरेंद्र पांडे ने एक वीडियो जारी कर एंबुलेंस माफिया के लूट के सर्किट को बेनकाब किया. उनका कहना है “एंबुलेंस माफिया सरकार की योजनाओं को पलीता लगा रहे हैं. मरीजों के परिजनों के साथ खुलेआम लूट की जा रही है.” डॉ अमरेंद्र पांडे ने सरकार से अपील की है “इस मामले में (ambulance mafia is robbing patients) सरकार कोई दखल करे नहीं तो उन्हें कोर्ट का सहारा लेना पड़ेगा.”
मध्य प्रदेश के शहरों में फैले एंबलेंस माफिया
डॉ.अमरेंद्र पांडे ने वीडियो में कहा “जबलपुर सहित प्रदेश के बड़े शहरों में एंबुलेंस माफिया बेलगाम हैं. जबलपुर में बीते दिनों एक एक्सीडेंट हुआ, जिसमें एक बस पलट गई. एक्सीडेंट के मरीजों को सरकारी सुविधा से चल रही 108 एंबुलेंस के जरिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया जाना था. लेकिन ऐसा न होकर एंबुलेंस ने इन्हें एक निजी अस्पताल में पहुंचा दिया. यह घटना एक दिन की नहीं है, बल्कि एंबुलेंस माफिया हर मरीज को कुछ ऐसे चुनिंदा निजी अस्पतालों में लेकर जा रहे हैं, जहां मरीजो के साथ लूट चल रही है.”
हाई कोर्ट में जनहित याचिका लगाने की तैयारी
IMA अध्यक्ष डॉ. अमरेंद्र पांडे का कहना है “कई मामलों में तो एंबुलेंस चालक को निजी अस्पताल ₹50 हजार तक दे देता है और ये राशि बाद में मरीज से वसूली जाती है. एंबुलेंस चालकों की वजह से मरीज को सरकार की योजनाओं का फायदा भी नहीं मिल पा रहा है. जबलपुर के ऐसे कई निजी अस्पतालों में मरीजों का शोषण हो रहा है. इस मामले (ambulance mafia is robbing patients) में अब सरकार से उम्मीद नहीं बची है. हमें मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में जनहित याचिका लगानी पड़ेगी.”

