छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महाराष्ट्र की एक महिला तांत्रिक ने पैसे 100 गुना करने का झांसा देकर एक युवक के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया. उसने दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र विधि से (tantrik’s dhanvarsha hoax) उसके 11 लाख को 11 करोड़ में बदल सकती है. यह घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने आरोपी महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
पीड़ित रामकुमार जायसवाल पेशे से ड्राइवर है और पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. जल्दी अमीर बनने की चाह में उसने अपने दोस्त राजू से मदद मांगी. राजू ने महाराष्ट्र निवासी महिला तांत्रिक मंदा पासवान और उसके साथी छोटू का नंबर दिया. उसने रामकुमार को भरोसा दिलाया कि ये लोग तंत्र-मंत्र से पैसा कई गुना बढ़ा देते हैं.
इसे भी पढ़ें – राज्योत्सव में पहुंचे 10 फीट के अमिताभ बच्चन, एक राजा और एक वीरा ने भी जमाया रंग
इसके बाद मंदा पासवान ने रामकुमार से संपर्क किया और कहा कि वह उसके 11 लाख रुपये को 11 करोड़ में बदल सकती है. डील होने के बाद महिला ने एकादशी के दिन दुर्ग आने का वादा किया. 1 नवंबर की शाम मंदा पासवान अपने दो साथियों अमरदीप प्रहलाद दामोदर और संजय विलास जमुना के साथ अर्टिगा कार से दुर्ग पहुंची. उसने रामकुमार को कॉल कर बस स्टैंड बुलाया. वहां मिलने के बाद रामकुमार उन्हें अपने मालिक के खाली ट्रेनिंग सेंटर में ले गया, जहां महिला ने पूजा करने की बात कही.
tantrik’s dhanvarsha hoax – पूजा के नाम पर आरोपियों ने युवक से पूजा का सामान, मटका, चावल, आटा, सिंदूर और नींबू मंगवाया. उन्होंने कहा कि अगर सारे सामान पूरे होंगे और एक लाख रुपये सामने रखे जाएंगे, तभी चमत्कार होगा. रामकुमार ने भरोसा करते हुए 1 लाख रुपये कैश उनके सामने रख दिए. महिला तांत्रिक ने दावा किया कि ये पैसे 100 गुना बढ़ जाएंगे. उसने युवक को नींबू और सिंदूर लाने के लिए बाहर भेजा. जब वह वापस लौटा, तब तक तीनों आरोपी पैसे लेकर फरार हो चुके थे.

