Jaipur Theft Case: राजस्थान के जयपुर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक रिटायर्ड डॉक्टर के घर से 50 लाख रुपये की चोरी का खुलासा हुआ तो पुलिस भी हैरान रह गई. चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर के भरोसेमंद नौकर ने ही अंजाम दी थी. आरोपी नौकर सुमित खेतान बीते करीब 10 साल से डॉक्टर के यहां काम कर रहा था. हालांकि, पुलिस ने सुमित को गिरफ्तार कर लिया है.
डॉक्टर प्रभाकर सेठी (78 साल) ने अपनी पोती की पढ़ाई के लिए 22 फरवरी 2026 को 50 लाख रुपये घर की रसोई में मसालों के डिब्बों में छिपाकर रखे थे. उन्हें लगा कि यह जगह सुरक्षित रहेगी. सुमित ने डॉक्टर को पैसे छिपाते हुए देख लिया था. घर के सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस भी उसके पास था, जिससे उसे पूरी जानकारी मिल गई.
इसे भी पढ़ें – अपने ही गोत्र में इश्क करने पर 7 लाख जुर्माना, अब जिंदा जलने से युवक की संदिग्ध मौत
लालच में आकर सुमित ने चोरी की योजना बनाई. उसने रसोई संभालने वाली नौकरानी सीमा सैनी को भी अपने साथ मिला लिया. दोनों ने तय किया कि एक साथ पूरी रकम निकालने के बजाय रोज थोड़ा-थोड़ा पैसा चुराया जाएगा, ताकि किसी को शक न हो. करीब 20 दिनों तक यह सिलसिला चलता रहा और धीरे-धीरे पूरी रकम गायब कर दी गई.
शक से बचने के लिए सुमित ने चालाकी से घर में लूट का माहौल भी बनाया. उसने अपने नाबालिग बेटे को खिड़की का शीशा तोड़ने के लिए भेजा, ताकि मामला बाहरी चोरी जैसा लगे. इसके अलावा उसने सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी जानकारी हासिल कर किचन वाले कैमरे को बंद कर दिया, जिससे कोई सबूत न बचे.
Jaipur Theft Case – मामले में नया मोड़ तब आया जब 19 मार्च को डॉक्टर के पालतू कुत्ते की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इससे डॉक्टर को घर में कुछ गड़बड़ी का शक हुआ. जब उन्होंने रसोई में छिपाए पैसे चेक किए, तो पूरी रकम गायब मिली. इसके बाद 26 मार्च को सांगानेर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.


