रोहतक/सिरसा : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम (21 days furlough approved) एक बार फिर जेल की सलाखों से बाहर आ गया है। प्रशासन की ओर से उसकी 21 दिन की फरलो मंजूर कर ली गई है।
21 days furlough approved – साध्वियों के यौन शोषण और हत्या के मामलों में हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में 20 साल की सजा काट रहा राम रहीम मंगलवार (25 अगस्त) सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल से रिहा हुआ। रिहाई के बाद वह सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के मुख्य आश्रम के लिए रवाना हो गया, जहां वह अपनी फरलो की पूरी अवधि बिताएगा।
2017 में सजा के बाद 17वीं बार आया बाहर
वर्ष 2017 में सजा सुनाए जाने के बाद से अब तक राम रहीम पैरोल और फरलो मिलाकर कुल 17 बार जेल से बाहर आ चुका है। इससे पूर्व मई महीने में भी उसे 30 दिनों की नियमित पैरोल प्रदान की गई थी। बार-बार पैरोल और फरलो दिए जाने को लेकर कानूनी और सामाजिक हलकों में लगातार सवाल उठते रहे हैं और इसे लेकर कई बार याचिकाएं भी दायर की जा चुकी हैं।
रेप और हत्या मामलों में है दोषी
विशेष सीबीआई अदालत ने साल 2017 में राम रहीम को सिरसा आश्रम में दो महिला साध्वियों के साथ यौन शोषण के मामले में दोषी करार देते हुए 10-10 साल (कुल 20 वर्ष) के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। दोनों सजाएं अलग-अलग चलनी हैं। इसके अलावा उसे डेरा के पूर्व मैनेजर रणजीत सिंह हत्याकांड और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी दोषी ठहराया गया है।


