Abhay Chautala takes a jibe at Congress and BJP in Ambala

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

ताऊ देवी लाल के 110वें जन्मदिवस पर 25 सितंबर को कैथल में आयोजित होने वाली सम्मान दिवस रैली के लिए आमंत्रित करने के लिए इनेलो मुख्य महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला व इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती शनिवार को अंबाला में बीपीएस प्लेनेटोरियम में पहुंचे। यहां अभय चौटाला के कांग्रेस और भाजपा पर आक्रामक तेवर दिखाई दिए।

अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सच्चाई लोगों के सामने आ गई है। पहले कांग्रेसी अखबारों में लड़ा करते थे एक दूसरे की टांग खींचा करते थे, अपना-अपना वर्चस्व बनाना चाहते थे, तब इनेलो ने परिवर्तन यात्रा शुरू की तो वह सभी नेता सड़कों पर आने पर मजबूर हो गए। कांग्रेस ने भी लोगों के बीच जाने का फैसला लिया।

हमारी परिवर्तन यात्रा के समय कांग्रेस ने हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम शुरू कर दिया था। जितने लोगों के बीच गए वहां हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम शुरू करने के बजाए हाथ से हाथ तोड़ो कार्यक्रम शुरू कर दिया। हालात ऐसे हो गए हैं कि इनके पर्यवेक्षक संगठन बनाने के लिए जहां गए वहां एक दूसरे के खिलाफ नारे लगाने लगे। एक दूसरे के साथ हाथापाई की नौबत आई। आज पूरा प्रदेश इनकी हकीकत जान चुका है। इस दौरान जिला अध्यक्ष शीशपाल जंधेड़ी, प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह व अन्य उपस्थित रहे।

कैथल में सम्मान दिवस रैली को लेकर दिया निमंत्रण

अभय सिंह चौटाला बोले कि 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल का जन्मदिन है। हम सम्मान दिवस रैली के रूप में कैथल में बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। अंबाला में इसी का निमंत्रण देने आया हूं। कैथल और अंबाला की सीमाएं आपस में मिलती हैं, उम्मीद है कि सम्मान दिवस रैली पर भी बहुतायात में समर्थक आएंगे। इस बार अंबाला से भी संदेश जा रहा है कि अंबाला की भी चार सीटें इनेलो के खाते में जाएंगी।

नूंह में सरकार ने भाईचार किया खराब 

अभय सिंह चौटाला बोले कि जब में नूंह जा रहा था तो जाने से पहले मुझे काफी चिंता थी। वहां जिस प्रकार से सरकार ने हालात खराब कराए, भाई-भाई को आपस में लड़वाया, धर्म के नाम पर तोड़ने का प्रयास किया। मगर वहां के लोगों ने भाईचारे को और भी मजबूत किया है। मैं जब नूंह गया तो पहले तो कार्यक्रम रद्द करने की बात चल रही थी मगर वहां के कार्यकर्ताओं ने कहा आप आएं। जब गया तो देखा कि कार्यक्रम स्थल पर हजारों की भीड़ थी।

Share.
Exit mobile version