देश की राजनीति को दिशा दिखाने वाले राज्य यूपी की विधानसभा के पहले चरण के चुनाव में 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर गुरुवार शाम पांच बजे तक औसतन 60.31 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, बुलंदशहर और हापुड़ में शाम पांच बजे तक 60 फीसदी से अधिक लोगों ने वोट डाले जबकि दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में सबसे कम 57.07 फीसदी मतदान हुआ।
भाजपा नेता श्रीकांत शर्मा ने मथुरा में वोट डाला जबकि चौधरी लक्ष्मी नारायण ने छाता और कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी बिजनौर में चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के कारण वोट डालने मथुरा नहीं पहुंचे लेकिन उनकी पत्नी ने वोट डाला। योगी सरकार में गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने थाना भवन में अपने मताधिकार का प्रयोग किया और सभी 58 सीटों पर जीत का दावा किया।
निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक आगरा में 60.23, अलीगढ़ में 60.85, बागपत में 61.25, बुलंदशहर में 60.57, गौतमबुद्धनगर में 57.07, गाजियाबाद में 52.43, हापुड़ में 60.53, मथुरा में 62.90, मेरठ में 60.58, मुजफ्फरनगर में 65.32 और शामली में 69.42 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। गौरतलब है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में पहले चरण में 73 सीटों पर 64.22 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि 2012 में 58.62 प्रतिशत मतदान हुआ था। खुर्जा विधानसभा क्षेत्र के गांव सूरतपुर कला में मशीन में तकनीकी खराबी आने से करीब तीन घंटे बाद मतदान शुरू हो सका।
वहीं डिबाई थाना क्षेत्र के नगला भूड़ गांव में सड़क और पुल न बनने से नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। हालांकि अफसरों और बीजेपी प्रत्याशी सीपी सिंह के समझाने के बाद करीब अपराह्न बारह बजे ग्रामीण मान गए और मतदान शुरू हुआ। आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर 102 वर्ष की वृद्ध महिला ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल एवं आगरा ग्रामीण सीट से प्रत्याशी बेबी रानी मौर्य ने छावनी क्षेत्र में अपने निवास के नजदीक बने केंद्र पर मतदान किया।
आगरा ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह ने पत्नी डॉ सुनीता उपेंद्र, पुत्र हर्ष उपेंद्र के साथ उमा पब्लिक स्कूल उच्चतर माध्यमिक बसईकला पर मतदान किया। बाह में विधायक और भाजपा प्रत्याशी रानी पक्षालिका सिंह ने नौगांव पोलिंग बूथ पर वोट डाला। बसपा प्रत्याशी नितिन वर्मा ने भी वोट डाला। आगरा दक्षिण सीट से प्रत्याशी और भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय पूरे परिवार के साथ चत्रिगुप्त हायर सेकेंडरी स्कूल तहसील के पास पर मतदान किया।
केंद्रीय मत्स्य पालन राज्य मंत्री संजीव बालियान ने मुजफ्फरनगर के गांव कुटबी में अपने मताधिकार का प्रयोग किया वहीं मथुरा में भाजपा नेता श्रीकांत शर्मा और लक्ष्मी नारायण चौधरी ने पूजा-अर्चना के बाद अपना वोट डाला। मेरठ जिले की कैंट विधानसभा क्षेत्र स्थित दायमपुर गांव में मतदान का बहिष्कार करने के लिये पोस्टर लगाए गए और पांच हजार से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डालने से इन्कार किया, हालांकि जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच कर मतदाताओं को मनाते रहे। किठौर विधानसभा सीट क्षेत्र में भाजपा और सपा रालोद गठबंधन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें होने के सूचना हैं। जिला प्रशासन ने वहां स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है।
मथुरा में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी ने माता सांचैली देवी के दर्शन करने के बाद आज अपने गांव सांचैली में मतदान किया। इसी प्रकार कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दानघाटी मन्दिर गोवर्धन में गर्रिाज जी का पंचामृत अभिषेककर अपने गांव गांठौली में मतदान किया। कांग्रेस विधान मंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर ने सुबह सबसे पहले भूतेश्वर महादेव के दर्शन एवं पूजन किया और उसके बाद सरला देवी स्कूल पोलिंग बूथ पर अपना मतदान किया।