केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की पांच साल की उपलब्धियां गिनाई। साथ ही उन्होंने सपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा, ‘उन्होंने एक बार फिर अपनी हकीकत दिखाई। मुझे लगता है कि एसपी सिंह बघेल को उनके खिलाफ मैदान में उतारने के बाद अखिलेश यादव परेशान हैं। उनपर (बघेल) हमला किया गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।
उन्होंने आगे कहा, ‘2017 से पहले यूपी ने जो माफिया राज और आपराधिक गतिविधियों को देखा। उससे डर का माहौल पैदा हो गया। इसने यूपी को कभी विकसित राज्य नहीं बनने दिया। यह बीमारू राज्य रहा। लोगों पर अत्याचार हुए, यह सपा का कॉलिंग कार्ड था।’
बता दें कि उत्तर प्रदेश के करहल विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल पर हुए हमले के बाद गृह मंत्रालय ने एसपी सिंह बघेल को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी है। गृह मंत्रालय की ओर से बताया गया कि उत्तर प्रदेश में करहल विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई। बता दें कि केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री सत्य पाल सिंह बघेल के काफिले पर मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के अत्तिकुल्लापुर गांव के पास पथराव और लाठियों से हमला किया गया।
मैनपुरी पुलिस ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल के काफिले पर आज शाम करहल थाना क्षेत्र के अत्तिकुल्लापुर गांव के पास पत्थर और लाठियों से हमला किया गया। मामला दर्ज किया जा रहा है और मंत्री ठीक हैं।’