- मेरे पिता चिड़ियाघर में नहीं : दमन सिंह
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया उनका हालचाल पूछने अस्पताल गए थे। वहीं अब उनका हालचाल पूछना विवादों का हिस्सा बन गया है।
दरअसल, हालचाल पूछते वक्त, स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री के साथ एक तस्वीर खींची और सोशल मीडिया पर साझा की। अब इसको लेकर वह मुसीबतों में फंसते नजर आ रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस के बाद अब पूर्व प्रधानमंत्री की बेटी दमन सिंह ने भी स्वास्थ्य मंत्री की इस व्यवहार की आलोचना की है।
इतना ही नहीं दमन सिंह ने नाराजगी के साथ आरोप लगाते हुए कहा कि, वह परिवार की मर्जी के खिलाफ फोटोग्राफर लेकर पहुंचे थे। बेटी दमन सिंह ने न्यूज पोर्टल से बात करते हुए आरोप लगाया कि उनके साथ वार्ड में (जिसमें मनमोहन सिंह भर्ती थे) एक फोटोग्राफर के साथ आ जाने से मेरी मां परेशान थीं।
उन्होंने आगे कहा कि, मेरे माता-पिता एक कठिन परिस्थिति से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। वह बुजुर्ग हैं। वह चिड़ियाघर में मौजूद जानवर नहीं है। बता दें कि मंडाविया ने गुरुवार को सिंह से मुलाकात की थी और कहा कि वह उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी से AIIMS, नई दिल्ली में मुलाक़ात की व उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली।
मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
— Dr Mansukh Mandaviya (मोदी का परिवार) (@mansukhmandviya) October 14, 2021