
बुटाना गांव के खेतों में पहुंचे एसडीएम आशीष वशिष्ठ और उपमंडल कृषि अभियंता डॉ. राजेंद्र मेहरा।
– फोटो : कृषि विभाग
विस्तार
धान कटाई का सीजन शुरू होते ही फानों व पराली में आग लगाने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। कृषि विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा कड़ी निगरानी व प्रतिबंध के बावजूद फानों को आग के हवाले किया जाने लगा है। कुरुक्षेत्र में अभी तक 14 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 35 हजार रुपये किसानों पर जुर्माना भी किया गया है।
हालांकि प्रशासन ने फाने जलाने पर एफआईआर दर्ज कराने की भी चेतावनी दी है, लेकिन सीजन शुरू होते ही सामने आने लगे मामलों ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। उधर जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कृषि विभाग के अधिकारियों को सख्त आदेश दिए है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी 11 बजे से लेकर सांय पांच बजे तक फील्ड में रहेंगे।
जिले में किसानों 23042 एकड़ में बासमती और दो लाख 71 हजार 812 एकड़ रकबे में धान की अन्य किस्म लगाई हुई है। अब तक इस जिले में बासमती की 5070 एकड़ और नॉन बासमती 57080 एकड़ भूमि पर धान की फसल की कटाई का कार्य किया जा चुका है। कृषि विभाग के अधिकारियों को विभिन्न साधनों के जरिए 10 मामलों और हरसेक के माध्यम से छह मामलों में फानों में आग लगाने की सूचना मिली।
2.82 लाख एकड़ पराली प्रबंधन का है लक्ष्य
जिला प्रशासन ने इस बार 2 लाख 82 हजार एकड़ के 43 हजार किसानों द्वारा फसल प्रबंधन यानि बेलर बनाने के लिए चिह्नित किया गया है। अगर इतनी एकड़ की फसल अवशेषों का प्रबंधन किया गया तो राज्य सरकार की तरफ से इन 43 हजार किसानों को 28 करोड़ 20 लाख रुपये का आर्थिक लाभ दिया जाएगा। जिले में लगभग 3 लाख 32 हजार 300 टन के स्ट्रा होने की संभावना है। इस स्ट्रा का प्रबंधन करने के लिए 10 उद्योग यूनिट है, अब तक इन उद्योग यूनिटों द्वारा 31 हजार टन स्ट्रा का प्रबंधन किया जा चुका है।
किसानों को जागरूक करने के लिए होंगे 1750 कार्यक्रम
कृषि विभाग की तरफ से गांव स्तर पर 190 जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा चुका है। गांव-गांव में जाकर लोगों को जागरूक करने के लिए 10 वाहन भी कृषि विभाग की तरफ से भेजे गए हैं और कॉलेज व स्कूल स्तर पर भी 16 कार्यक्रमों का आयोजन किया जा चुका है। इन तमाम गतिविधियों पर कृषि विभाग की तरफ से लगभग 36 लाख का बजट भी खर्च किया जाएगा।
पराली जलाने वाले दो किसानों पर ढाई-ढाई हजार रुपये जुर्माना
गोहाना क्षेत्र में खेत में फसल का अवशेष जलाने पर गांव बुटाना के दो किसानों पर ढाई-ढाई हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों को अवशेष जलाने की सूचना सैटेलाइट से मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीएम आशीष वशिष्ठ और उपमंडल कृषि अभियंता डॉ. राजेंद्र मेहरा मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि गांव के खेतों में चार एकड़ में फसल अवशेष जलते हुए मिले। दो किसानों पर 2500-2500 रुपये जुर्माना किया है।

