भोपाल : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं के बयानों पर शुक्रवार को तंज कसा और कहा कि यह प्रधानमंत्री (Whoever Does Wrong Will Go To Jail) नरेंद्र मोदी का शासन है, जो गलत करेगा वह जेल जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा, कांग्रेस और कांग्रेस के नेता बार बार ये रट लगा रहे हैं कि लोकतंत्र खतरे में है, संविधान खतरे में है। खतरे में लोकतंत्र नहीं है, खतरे में अगर कोई है तो वह कांग्रेस है।
इसे भी पढ़ें – इंदौर में रंगपंचमी की ‘गेर’ में उमड़े हजारों हुरियारे, मुख्यमंत्री भी शामिल हुए
कांग्रेस व विरोधी दलों द्वारा कई नेताओं के जेल जाने पर सरकार पर किए जा रहे हमलों का जवाब देते हुए चौहान ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा, मेरी उम्र थी 17 साल, मैं 11वीं में पढ़ता था, मुझे इमरजेंसी में जेल भेजा गया। स्वर्गीय इंदिरा गांधी की सरकार थी, संविधान को तार-तार किसने किया था, लोकतंत्र का गला किसने घोटा था? मासूम बच्चों को जेल में किसने भेजा था?
Whoever Does Wrong Will Go To Jail – उन्होंने आगे कहा, आज एक बात साफ है। पहले यह धारणा रही होगी नेता कोई भी कितना बड़ा अपराध कर दे, उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। लेकिन यह भारतीय जनता पार्टी का शासन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। अगर कोई गलत काम करेगा तो जेल जाएगा। कांग्रेस की हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हो गई है।
इसे भी पढ़ें – बुंदेलखंड में जल संकट की आहट, नलकूप खनन पर रोक लगाने की शुरुआत
भाजपा द्वारा चुनाव में अपने रिपोर्ट कार्ड के आधार पर जाने की बात करते हुए चौहान ने कहा, भारतीय जनता पार्टी अपने रिपोर्ट के आधार पर चुनाव में जा रही है। कांग्रेस ने तो कभी पेश ही नहीं किया। भाजपा ने मोदी के नेतृत्व में 10 साल में जिस ढंग से भारत का निर्माण किया है, वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध, और शक्तिशाली और विकसित भारत, हम उसे रिपोर्ट कार्ड और आगे के रोडमैप को लेकर मैदान में जाएंगे। यह हम नहीं कह रहे, जनता कह रही है – अबकी बार 400 पार।