दुमका। विभिन्न ज्वलंत मांगों को लेकर दुमका स्थित सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) के मुख्य गेट पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्यों का आमरण अनशन लगातार जारी है। शुक्रवार को भूख हड़ताल के चौथे दिन अनशन पर बैठे दोनों छात्रों की तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूचना (Dumka Hunger Strike) मिलते ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विशेष मेडिकल टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया।
Dumka Hunger Strike – दुमका सदर प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मकसूद आलम ने भूख हड़ताल पर बैठे दोनों छात्र सूरज कुमार और हिमांशु कुमार के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की। जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि लगातार चार दिनों से अन्न-जल त्यागने के कारण दोनों छात्रों की शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है। दोनों का ब्लड प्रेशर (BP) और शरीर में ग्लूकोज का स्तर लगातार खतरनाक रूप से घट रहा है, जिसके लिए उन्हें चिकित्सीय निगरानी की सख्त जरूरत है।
समर्थन में बैठे छात्रों ने जताई नाराजगी
भूख हड़ताल पर बैठे अनशनकारियों के समर्थन में धरना स्थल पर बड़ी संख्या में अन्य छात्र भी डटे हुए हैं। समर्थन में बैठे छात्र मनीष कुमार ने विवि प्रबंधन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आंदोलन के चार दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन या जिला प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी छात्रों की सुध लेने धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा छात्रों की मांगें पूरी तरह से जायज और छात्रहित में हैं।
