सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित शिवालिक क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। शाकंभरी खोल नदी में जलस्तर अचानक बढ़ने से स्थिति अनियंत्रित हो गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई और अपनी जान (Shakambhari Temple Flood) बचाने के लिए श्रद्धालु सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें, बाइक, क्रेन और जेनरेटर समेत दर्जनों वाहन बह गए। मंदिर परिसर के आसपास स्थित कई दुकानों को भी इस बाढ़ से भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार और दहशत का माहौल है। हादसे में दो श्रद्धालुओं के बहने की सूचना भी मिल रही है, हालांकि जिला प्रशासन द्वारा अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है।

इसे भी पढ़ें – यूपीएससी छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार आरोपितों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, मिर्जापुर और बेहट के इंस्पेक्टर दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वर्तमान में मंदिर परिसर और नदी के आसपास फंसे हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

Shakambhari Temple Flood – प्रशासन ने लाउडस्पीकर के माध्यम से सभी श्रद्धालुओं से नदी और बहाव वाले क्षेत्रों से पूरी तरह दूर रहने की अपील की है। फिलहाल मौके पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। बचाव टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और श्रद्धालुओं को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं।

Share.
Exit mobile version