चंडीगढ़: भ्रष्टाचार पर प्रभावी लगाम लगाने और आम नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को राज्य सचिवालय से आधिकारिक तौर पर ‘सतर्क – हरियाणा’ मोबाइल (Satark Haryana App) ऐप का शुभारंभ किया। इस नवीन डिजिटल पहल के माध्यम से राज्य का कोई भी नागरिक अब भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत या महत्वपूर्ण सूचना सीधे राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB), हरियाणा तक आसानी से पहुंचा सकेगा।
कई बार नागरिकों के पास भ्रष्टाचार से जुड़ी पुख्ता जानकारी तो होती है, लेकिन उन्हें एसीबी का हेल्पलाइन नंबर याद नहीं रहता। इस ऐप के जरिए केवल एक सिंगल टच करके सीधे एसवी एंड एसीबी की हेल्पलाइन से जोड़ा जा सकता है। यदि किसी नागरिक के पास रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार से संबंधित कोई वीडियो, ऑडियो, फोटो या अन्य ठोस सबूत मौजूद हैं, लेकिन वह तत्काल किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करवाना चाहता, तो भी वह इस ऐप के माध्यम से पूरी गोपनीयता बनाए रखते हुए अपनी सूचना एसीबी तक भेज सकता है।
गूगल लोकेशन और संबंधित अधिकारियों की जानकारी आसानी से उपलब्ध
आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा के सभी 23 जिलों को इस मोबाइल ऐप से जोड़ा गया है। यदि कोई व्यक्ति अपने गृह जिले से बाहर किसी अन्य जिले में है और वहां भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई शिकायत देना चाहता है, तो ऐप में जिले का चयन करके वहां के इंचार्ज का नाम और मोबाइल नंबर प्राप्त किया जा सकता है।नागरिक (Satark Haryana App) आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारी से फोन पर संपर्क करने के साथ-साथ सीधे कार्यालय जाकर भी अपनी बात रख सकते हैं।
