भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने शनिवार को कहा था कि बेहतर लोकतंत्र के लिए कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है। अब कांग्रेस नेताओं ने उनके बयान का स्वागत किया है। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के नेता सचिन सावंत ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) की उस कथित टिप्पणी का स्वागत किया जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘लोकतंत्र के लिए मजबूत कांग्रेस अहम है।

इसे भी पढ़ें – वेस्ट बंगाल : बीरभूम हिंसा मामला, सीबीआई ने टीएमसी नेता एवं प्रत्यक्षदर्शियों की पूछताछ

 Nitin Gadkari – हालांकि उन्होंने गडकरी को पीएम मोदी से बात करने की सलाह जरूर दे दी। सावंत ने उनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विपक्ष को नष्ट करने की भारतीय जनता पार्टी की कोशिश के बारे में बात करने का आह्वान किया।बता दें कि गडकरी ने शनिवार को पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि लोकतंत्र के लिए मजबूत कांग्रेस अहम है और यह उनकी ईमानदारी से इच्छा है कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बने।

उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र दो पहियों के सहारे चलता है जिनमें से ‘‘एक पहिया सत्ताधारी पार्टी है जबकि दूसरा पहिया विपक्ष है। लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष की जरूरत है और इसलिए मै हृदय से महसूस करता हूं कि कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होना चाहिए।’’गडकरी ने कहा कि चूंकि कांग्रेस कमजोर हो रही है, अन्य क्षेत्रीय पार्टियां उसका स्थान ले रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है कि अन्य क्षेत्रीय पार्टियां कांग्रेस का स्थान लें।’’

इसे भी पढ़ें – सिद्धू दुबारा बन सकते है प्रदेश अध्यक्ष,कांग्रेस के 24 बड़े नेताओं ने की बैठक

वहीं, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सांवत ने गैर भाजपा शासित राज्यों में, वहां की सरकारों का उत्पीड़न करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर चिंता जताई।उन्होंने कहा, ‘‘गडकरी जी ने जो चिंता जताई हम उसकी प्रशंसा करते हैं लेकिन उन्हें अपने नेता मोदी जी से भी भाजपा की, विपक्षी पार्टियों और लोकतंत्र को केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिये नष्ट करने की कोशिश के बारे में बात करनी चाहिए।’’

सावंत ने दावा किया, ‘‘उच्चतम न्यायालय भी असहाय प्रतीत हो रहा है। आप जांच एजेंसियों का इस्तेमाल गैर भाजपा पार्टियों की सरकारों को प्रताड़ित करने के लिए कर रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीति गत आठ सालों से हो रही है जो अभूतपूर्व है। कांग्रेस नेता ने कहा,‘‘ यह लोकतंत्र और देश के हित में होगा अगर वह (गडकरी) विपक्ष को नष्ट करने और लोकतंत्र को तानाशाही में बदलने की भाजपा की मनोस्थिति के बारे में मोदी से बात करें।’’

Share.
Exit mobile version