
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
हरियाणा के भिवानी में भारतीय कबड्डी टीम के कोच एवं द्रोणाचार्य अवॉर्डी असन कुमार सांगवान पर नाबालिग लड़की खिलाड़ी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच अब महिला पुलिस थाना की डीएसपी करेंगी। महिला पुलिस थाना की डीएसपी मनीषा देवी के पास इस मामले की जांच पहुंची है।
हालांकि असन कुमार के खिलाफ चार सितंबर को महिला पुलिस थाना में हिसार जिले के एक गांव की नाबालिग कबड्डी खिलाड़ी की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट व छेड़छाड़ की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था। जिसके बाद महिला पुलिस थाना की टीम ने पीड़ित लड़की के बाल कल्याण समिति के समक्ष बयान दर्ज कराकर काउंसलिंग कराने के बाद मजिस्ट्रेट बयान भी दर्ज कराए थे।
महिला पुलिस थाना में दी शिकायत में हिसार जिले के एक गांव निवासी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने बताया था कि वह कबड्डी की खिलाड़ी है। पीड़ित लड़की ने बताया कि खेल के दौरान ही करीब एक साल पहले अंतरराष्ट्रीय कबड्डी कोच असन कुमार सांगवान से मुलाकात हुई थी। इसी दौरान असन ने उसका फोन नंबर ले लिया था।
लड़की ने आरोप लगाया कि असन कुमार पिछले एक साल से उसे परेशान कर रहा है। उसका एशियन गेम्स में चयन कराने के बहाने उसे बार-बार फोन पर मैसेज भेज उसे मिलने के लिए बुलाता रहा। नहीं आने पर उसका कहीं पर सेलेक्शन नहीं होने देने की भी धमकी दी। लड़की ने आरोप लगाया कि चार सितंबर को उसने मैसेज भेजकर उसे दिल्ली या फिर भिवानी आने के लिए कहा।
जिसके बाद वह अपने पिता के साथ भिवानी के हांसी गेट पर बताए गए पते पर पहुंची थी। यहां आने के बाद असन कुमार उसे अपने साथ ले जाना चाहता था, मगर उसने साफ इंकार कर दिया। लड़की का साथ जाने से इंकार किए जाने पर असन ने उसे धमकी दी कि उसका कहीं सेलेक्शन नहीं होने देगा।
लड़की ने पुलिस को असन कुमार द्वारा मोबाइल फोन पर भेजी गई व्हाट्सएप चैट भी दिखाई थी। जिसके बाद चार सितंबर को महिला पुलिस थाना में पीड़ित लड़की की शिकायत पर आरोपी असन कुमार सांगवान के खिलाफ पॉक्सो व छेड़छाड़ की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था।
पीड़ित लड़की से समझौते के प्रयासों के भी लग रहे कयास
भारतीय कबड्डी टीम के कोच असन कुमार सांगवान के खिलाफ महिला पुलिस थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज होने के बाद से ही मामले ने तूल पकड़ना शुरू कर दिया है। वहीं पीड़ित लड़की के परिजनों से भी समझौते के प्रयासों के भी कयास लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित लड़की को मनाने के लिए हर संभव कोशिश हो रही है ताकि वह कोच पर लगाए आरोपों को वापस ले सके।
नाबालिग खिलाड़ी की शिकायत पर आरोपी कबड्डी कोच असन कुमार सांगवान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व छेड़छाड़ की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था। लड़की के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज हो चुके हैं। अब इस मामले की जांच महिला पुलिस थाना की डीएसपी मनीषा देवी द्वारा की जाएगी। -धर्मली देवी, एसएचओ महिला पुलिस थाना भिवानी।