
बारिश से मौसम हुआ ठंडा
– फोटो : अमर उजाला
हरियाणा में एक फिर मौसम बदला है। जिसके चलते कई जिलों में बारिश हुई है। इस कड़ी में फतेहाबाद में भी कई दिनों बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। शनिवार सुबह पहले काली घटाएं छाई रही। इसके बाद करीब सवा 9 बजे बारिश शुरू हुई। 15 मिनट तक तेज बारिश हुई, इसके बाद तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई।
लोगों को गर्मी से मिली राहत
कई दिनों से तपती गर्मी झेल रहे लोगों को बारिश ने राहत प्रदान की। वहीं, धान की फसल के लिए भी संजीवनी का काम किया है। बारिश के अभाव में धान की फसल सूखने लगी थी। इस समय धान उत्पादकों किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार था। अब बारिश होने से किसानों को राहत मिली है और चेहरे पर खुशी की झलक देखने को मिली है।
पहले ही जताई गई थी संभावना
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से पहले ही शनिवार से मौसम में बदलाव के साथ बारिश की संभावना जताई गई थी। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ राजेश सिहाग ने बताया कि इस समय धान की फसल को सिंचाई की काफी जरूरत होती है। यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। किसानों को ट्यूबवेल से सिंचाई करने की फिलहाल जरूरत नहीं पड़ेगी।