रायपुर/दंतेवाड़ा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण प्रसारित हुआ। इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से मुक्त करने और राष्ट्र निर्माण में (drug free youth developed India) उनकी ऊर्जा का सदुपयोग करने पर विशेष बल दिया।
drug free youth developed India – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री के ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प का स्वागत करते हुए इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार, समाज और आने वाले कल को नष्ट करता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को युवाओं को इससे दूर रखने में अपनी अग्रणी भूमिका निभानी होगी।
नशामुक्ति के लिए व्यापक सामाजिक अभियान अनिवार्य
मुख्यमंत्री ने कहा केवल जागरूकता फैलाने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि समाज के हर वर्ग को सक्रिय रूप से शपथ लेकर धरातल पर उतरना होगा। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे सशक्त आधार युवा वर्ग है,इसलिए उन्हें नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम ने अपील की कि युवाओं को खेलकूद, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और सकारात्मक गति विधियों से जोड़कर उनके लिए प्रेरणादायी व स्वस्थ परिवेश तैयार किया जाए।
