बलरामपुर: त्रिकुंडा के नवाडीह गांव के जंगल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक बुजुर्ग महिला की लाश पड़ी हुई मिली. महिला के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे. बुजुर्ग महिला महुआ चुनने जंगल गई थी.
महुआ चुनने जंगल गई बुजुर्ग महिला की मिली लाश
बुजुर्ग महिला की पहचान सुकेशी कोड़ाकु के रूप में हुई है, जो नवाहीड के जंगल किनारे स्थित मोरनीयापारा में कोड़ाकु समाज की बस्ती में रहती थी. महुआ सीजन होने के कारण वह उसे बीनने के लिए जंगल में गई थी. लेकिन जंगल गए कुछ लोगों ने महिला को जंगल में पड़ा हुआ देखा, पहले लोगों को लगा कि महिला बेहोश होकर गिर गई होगी, जिसे होश में लाने की कोशिश की गई. लेकिन काफी देर होने के बाद भी जब महिला नहीं उठी जिसके बाद गांव के दूसरे लोगों को घटना की सूचना दी गई. जिसके बाद पता चला कि महिला की मौत हो चुकी है.
बलरामपुर पुलिस कर रही जांच
बुजुर्ग महिला की संदेहास्पद मौत के बाद इसकी सूचना त्रिकुंडा पुलिस को दी गई. पुलिस ने घटना स्थल की जांच की. शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
सभी एंगल से जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा- जवाहर तिर्की, उप निरीक्षक
परिवार में पसरा मातम
महुआ चुनने घर से जंगल गई महिला की मौत के बाद परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिवार के लोग पुलिस से जांच की मांग कर रहे हैं.
