सुभासपा और सपा के गठबंधन पर दिया बयान

बलिया। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव काफी नजदीक है, ऐसे में भाजपा के मंत्री और विधायक अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में बने हुए हैं।

इसी बीच मंत्री उपेंद्र तिवारी और आनंद स्वरूप शुक्ला के बाद अब बलिया जिले के बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रमुख की तुलना भैंसें से की है। इसी के साथ उन्होंने सुभासपा और सपा के गठबंधन पर आपत्तिजनक शब्द का भी इस्तेमाल किया है।

उन्होंने कहा कि ‘हमने प्रयास किया था कि साथ में रहकर उनके स्वभाव में सुधार होगा, लेकिन यहां से निकलते ही वे फिर भैंसें की तरह गंदगी के बीच पहुंच गए हैं। भैंसें को इंसान बनाना प्रकृति के बस की बात नहीं है। बाद में बात को संभालते हुए कहा कि ओमप्रकाश का स्वभाव भैंसें जैसा है।’

वही बीते मंगलवार को बैरिया विधायक ने बयान दिया था था कि ‘मायावती वैभव की दुनिया में पैसों के पीछे भागने वाली नेता हैं। उन्हें गरीबों से कोई लेना-देना नहीं है।’ पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के बारे में उन्होंने कहा कि ‘जिसके राज्य में न तो बेटी सुरक्षित थी न खेती न ही पशु वह भी अपने को बेहतर शासक बता रहा है।’

सपा के नेता अखिलेश यादव को भी औरंगजेबी परंपरा का पोषक बताया गया। कहा कि ‘जिस अखिलेश ने अपने पिता को हटाकर जबरन सत्ता पर कब्जा कर लिया था वो खुद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बेहतर बता रहा है।’

विधायक ने कहा कि ‘इस देश के नेता मोदी और योगी हैं, और रहेंगे। उनके नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है। बेटी, खेती से लेकर सभी सुरक्षित हैं।’ उन्होंने इस बात का भी दावा किया कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास को ध्यान में रखकर काम कर रही है।

Exit mobile version