रायपुर : भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में अभी से ‘मिशन 2028’ की रणनीतिक तैयारी शुरू कर दी है। राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए पार्टी ने युवा शक्ति, नारी सम्मान और बस्तर के समग्र विकास को अपने आगामी मिशन का मूल मंत्र बनाया है। भाजपा ने इसके लिए लंबा इंतजार करने के बजाय तत्काल जमीनी स्तर पर काम करना (BJP Mission 2028) प्रारंभ कर दिया है। संगठन की इस नई रणनीति से साफ है कि 2028 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से बूथ स्तर तक किलाबंदी तेज की जा रही है।

इसी योजना के तहत 20 मई को सरगुजा और बस्तर अंचल में भाजपा के तमाम बड़े नेताओं और पदाधिकारियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विष्णुदेव साय सरकार के कामकाज, सुदूर गांवों तक विकास योजनाओं को पहुंचाने, ग्रामीण जरूरतों का आकलन करने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे मुख्य मुद्दों पर गहन चर्चा की गई ताकि इन्हें प्रभावी ढंग से जनता के बीच रखा जा सके।

BJP Mission 2028 – भाजपा के सामने विपक्ष की ओर से भी बड़ी चुनौतियां खड़ी की जा रही हैं। कांग्रेस पार्टी युवाओं, महिलाओं, कानून व्यवस्था और रोजगार के मुद्दों को लेकर लगातार सरकार की घेराबंदी कर रही है। इन सियासी हमलों के बीच, भाजपा बस्तर संभाग से नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा कर वहां अपनी मजबूत राजनीतिक पैठ स्थापित करने को मुख्य ढाल बना रही है। विपक्ष जिन मुद्दों को सरकार के खिलाफ हवा दे रहा है, भाजपा उन्हीं को अपनी भावी रणनीति का आधार बनाकर काउंटर अटैक की तैयारी में है।

Share.
Exit mobile version