एमएच वन न्यूज, चंडीगढ़ : हरियाणा-पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ की एकमात्र लोकसभा सीट पर इस बार कांटे का मुकाबला है। भाजपा की ओर से संजय टंडन, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी कांग्रेस-आप गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी हैं। इस सीट पर 1 जून को मतदान हुआ था। आज इसकी मतों की गिनती हो रही है। प्रारंभिक रुझानों में तिवारी आगे चल रहे हैं।
ये भी पढ़ें – पंजाब के होशियारपुर में पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन पर बोला हमला, कहा- ये लोग कर रहे हैं संविधान और भावना का अपमान
मनीष तिवारी को अभी तक 16978 मत पड़े हैं। वह संजय टंडन से 739 मतों से आगे चल रहे हैं। शहर में 62.8 फीसदी मतदान हुआ था। खास बात यह है कि इस बार 15,006 मतदाता 18-19 वर्ष की आयु के थे। उन्होंने पहली बार मत डाला।भाजपा ने इस बार इस सीट पर लगातार दो बार की सांसद किरण खेर का टिकट काटकर टंडन को दिया।
टंडन भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे व पूर्व राज्यपाल बलराम दास जी टंडन के बेटे हैं। टंडन चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वहीं, मनीष तिवारी इससे पहले लुधियाना व श्री आनंदपुर साहिब सीट से सांसद रह चुके हैं। यही नहीं वह मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री भी रहे हैं।