चंडीगढ़/जालंधर: मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने दीवाली से पहले बाढ़ पीड़ितों को राहत के रूप में 6.3 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि वितरित की है। 12 कैबिनेट मंत्रियों ने ‘मिशन पुनर्वास’ के तहत राज्य के 14 जिलों में प्रभावित परिवारों को बाढ़ राहत राशि के स्वीकृति पत्र सौंपे।
उल्लेखनीय है कि 13 अक्तूबर को मुख्यमंत्री ने अजनाला से 631 परिवारों को 5.70 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि वितरित करके राज्यव्यापी अभियान की शुरूआत की थी। मान सरकार ने 45 दिनों की समयसीमा से पहले ही फसलों के नुकसान के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़, क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1.20 लाख रुपए तक की राशि और पशुओं के नुकसान के लिए उचित वित्तीय सहायता प्रदान की है। कैबिनेट मंत्री एवं ‘आप’ के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने जिला एस.ए.एस. नगर में 80 प्रभावित परिवारों को 66 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र सौंपे। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने फाजिल्का में फसलों और मकानों के नुकसान के लिए 1.05 करोड़ रुपए की राहत राशि वितरित की। इसके उपरांत डा. बलजीत कौर ने मलोट के बाढ़ प्रभावित गांव लक्कड़वाला, थेहड़ी और शेरगढ़ के निवासियों को 16.88 लाख रुपए का मुआवजा वितरित किया।
कैबिनेट मंत्री डा. बलबीर सिंह ने विधायक गुरलाल घनौर के साथ मिलकर पटियाला के बाढ़ प्रभावित गांवों के 232 किसानों को 88 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र सौंपे। भोआ क्षेत्र में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, वन और वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने 130 बाढ़ प्रभावित परिवारों को 31 लाख रुपए के राहत चैक वितरित किए। परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कपूरथला के गांव किशन सिंह वाला व अन्य में बाढ़ प्रभावित परिवारों को मुआवजा वितरण की औपचारिक शुरूआत की। लोक निर्माण एवं बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने गुरदासपुर के 138 बाढ़ प्रभावित परिवारों को 59 लाख रुपये का मुआवजा वितरित किया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने फिरोजपुर की जीरा सब-डिवीजन के गांव फत्तेवाला से मुआवजा वितरण की शुरूआत की, जहां 57 किसानों को 16 लाख रुपये से अधिक के स्वीकृति पत्र दिए गए। उन्होंने गांव निहाला लवेरा के 254 किसानों को 99.20 लाख रुपये और फिरोजपुर के गांव कमल वाला के 37 किसानों को 6.60 लाख रुपये के मुआवजा स्वीकृति पत्र सौंपे।
स्थानीय निकाय मंत्री ने होशियारपुर जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरण की शुरुआत की। जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने अजनाला के 28 प्रभावित परिवारों को 24 लाख रुपए और राजासांसी क्षेत्र के 23 परिवारों को 18.41 लाख रुपए वितरित किए। राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने समराला में 84 किसानों को 25.05 लाख रुपए वितरित किए। बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने ‘मिशन पुनर्वास’ के तहत शाहकोट के गांव मूलेवाल अराइयां, सीचेवाल, नारंगपुर, सोहल खालसा और बिल्ली वड़ैच के 47 किसानों को 10 लाख रुपए का मुआवजा वितरित किया।