- यमुना के जहरीले झाग पर केंद्र और दिल्ली सरकार आमने-सामने
नई दिल्ली। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने भलस्वा झील पर छठ तैयारियों का निरीक्षण किया है। छठ घाटों पर कोई भी कमी मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए। वही कालकाजी से विधायक आतिशी ने गिरी नगर, तिलक खंड, गुरुद्वारा पार्क, प्रवासी पार्क, आस्था कुंज पार्क, कर्पुरी ठाकुर कैंप स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया गया है।
निरीक्षण के बाद गोपाल राय ने बताया कि ‘जिस तरह की तैयारी दिल्ली सरकार कर रही है, उस तरह की कोई भी दूसरी राज्य सरकार नहीं कर रही है। केजरीवाल सरकार की ओर से दिल्ली के अंदर करीब 800 जगहों पर छठ पूजा की सारी तैयारियां की जा चुकी हैं। टेंट, सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की जा रही है।’
उन्होंने आगे कहा कि ‘भलस्वा झील पर हजारों लोगों की पूजा की तैयारी हो चुकी है। पूरी दिल्ली के लोगों से अपील है कि सभी पूर्वांचलवासी पूरे उत्साह के साथ कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए छठ पूजा मनाएं। सेहत का भी ख्याल रखे।’
उन्होंने कहा कि ‘पानी की सभी जगह पर सफाई की जा चुकी है। पूरी दिल्ली में लाखों पूर्वांचल के लोग रहते हैं। जिस तरह की तैयारी दिल्ली सरकार कर रही है उस तरह की कोई भी राज्य सरकार नहीं कर रही है।’
गोपाल राय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘भाजपा कह रही है कि यमुना में पूजा करके दिखाएंगे। हमारा कहना है कि खूब पूजा करें। यमुना किनारे पूजा पर रोक उपराज्यपाल ने लगाई है। पुलिस और उपराज्यपाल भाजपा के है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रोक नहीं लगाई है। उपराज्यपाल यदि अनुमति दे रहे हैं और पुलिस उनके साथ खड़ी है तो खूब पूजा करें, दिक्कत क्या है।’
गोपाल राय ने कहा कि ‘यमुना का पानी दिल्ली के लोग नहीं भेजते हैं। हरियाणा से जहरीला पानी यमुना में आ रहा है। हरियाणा में भाजपा की सरकार है। भाजपा का काम है राजनीति करना है और आम आदमी पार्टी की सरकार का काम छठ पूजा करना और कराना है। हम अपना काम कर रहे हैं और भाजपा अपना काम कर रही है।’