रामगढ़: जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने एक बार फिर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है. भुरकुंडा–सौंदा बस्ती मुख्य मार्ग पर पतरातू रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज साइट पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी गई. जिससे गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, जयनगर निवासी सुरक्षा गार्ड प्रदीप राजवंशी ड्यूटी पर मौजूद थे. इसी दौरान देर रात बाइक सवार दो हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली गार्ड की जांघ में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े.
फायरिंग की आवाज सुनते ही निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में अफरा तफरी का माहौल हो गया और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. गोलीबारी से आसपास के लोग भी भयभीत हो गए थे. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. पुलिस को घटनास्थल से खोखा और अपराधियों द्वारा घटनास्थल साइट पर छोड़ा गया पर्चा भी मिला है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है.
घायल गार्ड को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए (रिम्स), रांची रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों के भागने के संभावित रूट का पता लगाया जा रहा है. साथ ही ओवरब्रिज साइट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.एसडीपीओ पतरातू गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घायल गार्ड के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. घायल गार्ड के बेहतर इलाज का भी इंतजाम कराया गया है. लगातार निगरानी रखी जा रही है.
