बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ इस बार अपनी स्थापना का 25वां उत्सव मना रहा है.राजधानी रायपुर से लेकर पूरे छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालयों में इसे लेकर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. बलौदाबाजार में भी जिलास्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. इस बार कार्यक्रम में विशाल आकार के मॉस्कोट यानी बड़े पुतले (10 feet tall Amitabh Bachchan) लोगों के आकर्षण का केंद्र बने. इन मॉस्काट्स में प्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन, एक राजा और एक वीरा को शामिल किया गया था.जिनके साथ लोग सेल्फी ले रहे थे.
कार्यक्रम में डाली जान : राज्योत्सव के पंडाल में जैसे ही ये मॉस्कॉट पहुंचे वैसे ही कार्यक्रम में जान आ गई. बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इन विशाल पुतलों के पास जाकर सेल्फी लेते नजर आए. मॉस्कॉट के रंगीन पोशाक, जीवंत भाव और पारंपरिक डिजाइन ने सभी का ध्यान खींचा. कठपुतली और नाट्य कला मंच बिलासपुर की निदेशक किरण मोइत्रा ने ETV भारत को बताया कि ये पुतले विशेष रूप से रजत महोत्सव की थीम के अनुरूप तैयार किए गए हैं.
राज्योत्सव में नया रंग : किरण मोइत्रा पिछले 25 वर्षों से छत्तीसगढ़ की लोककला को संजोए हुए हैं. उनके मुताबिक कठपुतली कला सिर्फ बच्चों के मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश देने का प्रभावी माध्यम भी है. उन्होंने कई कार्यक्रमों में स्वच्छता, शिक्षा, और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर भी कठपुतली नाटक किए हैं. इस बार राज्योत्सव के लिए कुछ नया और भव्य रूप देने का प्रयास किया गया है.
अमिताभ बच्चन सबसे लोकप्रिय : कार्यक्रम स्थल पर जब विशाल आकार के अमिताभ बच्चन आए तो छोटे बच्चों का उत्साह चरम पर पहुंच गया. कई बच्चों ने कहा कि ये “शोले वाले अमिताभ” हैं, तो (10 feet tall Amitabh Bachchan) कुछ ने “कौन बनेगा करोड़पति” की याद दिलाई. भीड़ में मौजूद एक स्कूली छात्रा ने मुस्कुराते हुए कहा कि हमने टीवी में तो अमिताभ जी को देखा है, लेकिन इतना बड़ा रूप कभी नहीं देखा. बहुत मजेदार लग रहा है.पुतले का आकार लगभग दस फीट ऊंचा था, जिसके कारण वो पूरे पंडाल में दूर से ही नजर आ रहा था.
