केरल में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, और यहां पर चुनावी हलचल बनने लगी है. जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बीजेपी भी अपना विस्तार करने में लगी है. पीएम नरेंद्र मोदी (Kerala Election 2026) आज शुक्रवार को केरल के दौरे पर हैं, लेकिन उनके इस दौरे से पहले पार्टी ने अपना कुनबा बढ़ाते हुए तेजी से आगे बढ़ते एक दल के साथ गठबंधन कर लिया. इस गठबंधन से केरल की सियासत में हलचल भी तेज हो गई है.
Kerala Election 2026 – किटेक्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर साबू जैकब और पूर्व विधायक एवी थमरक्षण की अगुवाई वाली ट्वंटी20 (T20) पार्टी कल गुरुवार को बीजेपी की अगुवाई वालेNDA में शामिल हो गई. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने दोनों का NDA में स्वागत किया.
इसे भी पढ़ें – कर्तव्य पथ पर दिखेगी तिरंगे की गौरवगाथा, गणतंत्र दिवस पर ‘वंदे मातरम’ के साथ गुजरात की अनोखी झांकी
केरल में अपनी जगह बनाने की कोशिशों में जुटे NDA का यह विस्तार पीएम मोदी के तिरुवनंतपुरम पहुंचने से ठीक एक दिन पहले हुआ. पीएम मोदी तिरुवनंतपुरम नगर निगम में बीजेपी की पहली जीत का जश्न मनाने और विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में चुनाव प्रचार शुरू करने आ रहे हैं. कहा जा रहा है कि दोनों नेता पीएम मोदी के साथ मंच भी साझा करेंगे.
कॉर्पोरेट समर्थित T20 पार्टी कुछ समय पहले तक खुद को कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) और CPI(M) के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) के विकल्प के तौर पर पेश कर रही थी. साथ ही साल 2022 में कोच्चि में अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में एक बड़े कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ भी हाथ मिलाया था. तब उन्होंने पीपल्स वेलफेयर अलायंस बनाने की भी घोषणा की थी. हालांकि यह गठबंधन लंबे समय तक नहीं चल सका था.


