आईपीएल 2026 का फाइनल बेंगलुरु में ही होना था. इसके पीछे उसका IPL की डिफेंडिंग चैंपियन RCB का होम ग्राउंड होना एक बड़ी वजह थी. BCCI ने भी पहले ये तय कर दिया था कि फाइनल बेंगलुरु में ही होगा. लेकिन, अब IPL 2026 के फाइनल को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से शिफ्ट कर दिया गया है. IPL के 19वें सीजन (IPL 2026 Final) का फाइनल अब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा. सवाल है कि जब फाइनल का हकदार बेंगलुरु था, तो फिर उससे ये हक BCCI ने क्यों छिना? आखिर वेन्यू शिफ्ट करने के फैसले के पीछे क्या वजह रही?
IPL 2026 के फाइनल का वेन्यू क्यों बदला?
IPL 2026 के फाइनल का वेन्यू शिफ्ट होने के पीछे की वजह वहां उपजे MLA विवाद को माना जा रहा है. वैसे इसके आसार पहले से ही थे कि अगर समय रहते ये विवाद नहीं टला तो BCCI अपने दूसरे प्लान पर अमल कर सकती है और वही हुआ भी. BCCI ने MLA का मामला सुलझता नहीं देख फाइनल के वेन्यू को वहां से शिफ्ट (IPL 2026 Final) करने का मन बना लिया.
MLA विवाद कैसे और क्यों उलझा?
RCB और SRH के बीच खेले IPL 2026 के ओपनिंग मैच से पहले कांग्रेस के MLA विजयानंद कशप्पनवर ने सुझाव दिया था कि हर MLA को कम से कम 5 टिकट मैचों के मिलने चाहिए. उन्होंने कहा था कि MLA जनप्रतिनिधि होते हैं ऐसे में उन्हें लाइन में लगकर इंतजार नहीं करना चाहिए. कांग्रेस MLA के इस बयान के बाद कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने 5 की जगह 3 टिकट हर MLA और MP को RCB मैचों के लिए दिए जाने की बात की थी.


