Advertisement

मिशन यूपी : पूर्व बसपा प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा सहित उनके तमाम साथी सपा में हुए शामिल

0
16
  • इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा

लखनऊ। जैसे – जैसे यूपी चुनाव नजदीक आ रहे है। वैसे ही दूसरे दल के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करने की सभी पार्टियों होड़ मची पड़ी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा के कई नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कराया।

झांसी सदर विधान सभा सीट से पूर्व बसपा प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा सहित उनके तमाम साथियों को समाजवादी पार्टी में शामिल किया। उनमें प्रमुख हैं चंद्रभान आदिम, मोहम्मद जमील, मुकेश राय, संजीव कुशवाहा, राम प्रकाश साहू, अशोक कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, जितेन्द्र कुशवाहा, विजेन्द्र कुशवाहा, ललित कुशवाहा, राम सेवक कुशवाहा और अन्य शामिल है।

बसपा मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी सुरेश चंद्र गौतम एडवोकेट बाराबंकी और फैजियाब अली खान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शिया पी.जी. कॉलेज, लखनऊ ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि ‘भाजपा सरकार का झूठ अब उसके गले की फांस बन रहा है। प्रदेश भर में खाद की किल्लत है और सरकार कह रही है कि पर्याप्त खाद का स्टॉक है, कोई कमी नहीं है। लेकिन हकीकत में पूरे प्रदेश में किसान परेशान है।’

उन्होंने कहा ‘कई-कई दिन लाइन में लगने पर भी जब खाद नहीं मिल रही है। नाराज किसानों का आक्रोश फूट रहा है। इससे कानून व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है।’

उन्होंने कहा ‘प्रदेश में जितनी उर्वरक की जरूरत है उतनी आपूर्ति नहीं हो रही है। साधन सहकारी समितियों पर ताले पड़े हुए हैं। खाद की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। झांसी से ललितपुर तक खाद के लिए सुबह से शाम तक सड़कों पर किसान डटे रहते हैं।’

उन्होंने कहा कि ‘फतेहपुर, आगरा, इटावा, जालौन में भी किसान परेशान है। खाद न मिलने से क्षुब्ध किसानों ने आगरा में यमुना में पोइया घाट पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। बाराबंकी में भी किसानों ने प्रदर्शन किया। सैफई में महिला किसानों ने विरोध जताया। प्रयागराज में खाद के लिए किसानों ने जाम लगाया।’

उन्होंने कहा कि ‘भाजपा सरकार की संवेदनहीनता के चलते ललितपुर में खाद खरीदने के लिए दो दिन से बिना खाए-पिए लाइन में लगे किसान भोगी लाल की मृत्यु हो गई। जो किसान के लिए खाद न दे सके, उस सरकार से क्या उम्मीद की जाए।’

उन्होंने आगे कहा कि ‘भाजपा सरकार ने किसान को भगवान भरोसे छोड़ दिया है और खुद अमीरों को और ज्यादा समृद्ध करने में लग गई है। प्रदेश की जनता भाजपा की चालों को समझ रही है और सन् 2022 में समाजवादी सरकार को सत्ता में लाकर ही चैन लेगी।’