चेन्नई : फिल्म अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर दिए गए विवादित और आपत्तिजनक कमेंट के मामले में तमिलनाडु में नेता प्रतिपक्ष एवं डीएमके (DMK) नेता उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पूर्व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की सत्तारूढ़ पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने तृषा के खिलाफ विपक्ष के नेता की टिप्पणी को लेकर पुलिस तथा राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत (Udhayanidhi Stalin arrested) पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले उदयनिधि को हिरासत में लिया और तदोपरांत उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
Udhayanidhi Stalin arrested – तंजावुर में TVK की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट महिला विंग की संयोजक एस. भैरवी ने तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था। शिकायत के बाद स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए तमिलनाडु पुलिस ने तंजावुर में उस आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था, जहां डीएमके नेता ठहरे हुए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें वहीं से हिरासत में ले लिया।
कावेरी जल विवाद जनसभा के दौरान दिया था विवादित बयान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विपक्षी नेता उदयनिधि स्टालिन तंजावुर में कावेरी जल विवाद पर एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाषण के दौरान जब वे बोल रहे थे, तभी भीड़ में उपस्थित कुछ लोगों ने अचानक “तृषा, तृषा” के नारे लगाने प्रारंभ कर दिए। इस पर कुछ क्षण के लिए उन्होंने अपना संबोधन रोका और कहा, “पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, उन्हें वहां जरूर पहुंचना चाहिए।” यद्यपि बाद में उन्होंने यह स्पष्टीकरण देने का प्रयास किया कि वे कावेरी नदी के संदर्भ में बात कर रहे थे।


