Advertisement

अखिलेश का हमला : अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

0
24

उन्होंने कहा ‘आयोग ने पारदर्शी कार्यप्रणाली नही अपनाई है।’

‘भाजपा के इशारे पर सभी एजेंसियां मनमानी चला रही हैं’

लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आयोग ने पारदर्शी कार्यप्रणाली नही अपनाई है। अखिलेश ने चेतावनी दी है कि सूची में जुड़ने वाले नाम और कटने वाले नाम के बारे में नहीं बताया गया तो वह आयोग के खिलाफ धरना देंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि भाजपा के इशारे पर सभी एजेंसियां मनमानी चला रही हैं। उन्होंने कहा कि एसआईटी पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट सवाल कर रहा है। ऐसे में भाजपा बताए कि एसआईटी की जांच कब होगी।

अखिलेश ने कहा कि ‘मतदाता सूची में करीब 21 लाख 56 हजार 262 नाम जोड़े गए हैं और 16 लाख 42 हजार 756 नाम काटे गए हैं। नाम जोड़ने और काटने की सूची आयोग उपलब्ध नहीं करा रहा है। जबकि हर चुनाव में यह सूची जारी की जाती थी। लेकिन इस साल आयोग दवाब में कार्य कर रहा है।’

अखिलेश ने कहा कि ‘चुनाव आयोग में दिल्ली में जितने अधिकारी गए हैं सब यूपी से गए हैं। यूपी में ही चुनाव है। हम उम्मीद करते हैं कि चुनाव आयोग कार्यप्रणाली बदलेगा और निष्पक्ष काम करेगा।’

उन्होंने कहा है कि ‘भाजपा की भेदभाव और नफरत की राजनीति से सभी लोग नाराज हैं। हर स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा सरकार में किसानों के धान की लूट हो रही है।’

उन्होंने आगे कहा कि ‘बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है, सरकारी संपत्तियां बेची जा रही है। महंगाई बढ़ी है। भाजपा के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है। समाजवादी साइकिल ही अब उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएगी।’

अखिलेश ने कहा कि ‘ नोटबंदी करते समय भाजपा सरकार ने भरोसा दिलाया था कि काला धन आएगा, भ्रष्टाचार खत्म होगा। भाजपा सरकार बताए कि काला धन लेकर कौन चला गया, भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि नोटबंदी के क्या फायदे हुए?’

सपा अध्यक्ष ने कहा कि ‘भाजपा सरकार ने सभी संस्थाओं को नष्ट कर दिया है। भाजपा ने यूपी को बर्बाद कर दिया। आज किसान व्यापारी नौजवानए छात्र आत्महत्या करने पर विवश हैं। भाजपा सरकार ने नोटबंदी बड़े लोगों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने, जनता को परेशान करने और अपनी तानाशाही जताने के लिए किया है।’

उन्होंने कहा कि ‘भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और लखीमपुर की सरकार ने कानून व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। बीजेपी सरकार अपने लोगों को बचाने और विरोधियों को फंसाने के लिए एसआईटी बनाती है।’

अखिलेश ने कहा कि ‘भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के कार्यों का ही उद्घाटन कर रही है। कुशीनगर का एयरपोर्ट समाजवादी सरकार में दिए गए बजट से बना है।’

उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस.वे समाजवादी सरकार ने शुरू कराया था। मेट्रो भी सपा सरकार में ही चली। 2022 में बदलाव होना तय है। समाजवादी पार्टी पर जनता का भरोसा है। अगली सरकार समाजवादी पार्टी की ही बनना तय है।