देश में लोकसभा चुनाव चल रहे हैं और इसी बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है| मोदी परिवार शोक में डूबा हुआ है| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाभी भगवती बेन का बुधवार को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में निधन हो गया| उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई|
भगवती बेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद मोदी की पत्नी थीं| प्रहलाद मोदी नरेंद्र मोदी से उम्र में 2 साल बड़े हैं| वे गुजरात स्टेट फेयर प्राइस शॉप्स और केरोसिन लाइसेंस होल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं| भगवती बेन की उम्र 55 वर्ष थी| उनको बीमारी के कारण सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था|
इसे भी पढ़े : तेज बहादुर का नामांकन रद्द
लम्बे समय से थीं बीमारियों से ग्रस्त
बताया जा रहा है कि भगवती जी लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं| पिछले कुछ समय से उनके शरीर के अंग अच्छे से काम नहीं कर पा रहे थे| वे कई बीमारियों से ग्रस्त थीं| अहमदाबाद में उनका किडनी, डाइबिटीज़, ब्लड प्रेशर व पैरालाइसिस का इलाज चल रहा था|
सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स के मुताबिक जब भगवती बेन को अस्पताल लाया गया तब उन्हें बेचैनी की शिकायत थी| लम्बी बीमारी से जूझने के बाद दिल का दौरा पड़ने से भगवती बेन का निधन हो गया| अस्पताल पहुँचने के कुछ देर बाद ही वे चल बसीं|
उनके शव को घर पर लाया जा चुका है| आज ही शाम पांच बजे उनके निवास स्थान से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और दाह संस्कार किया जायेगा| उनका अंतिम संस्कार अहमदाबाद के एसजी राजमार्ग पर स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा|
प्रधानमंत्री मोदी के भाई प्रहलाद मोदी व उनकी पत्नी भगवती मोदी के एक बेटा व तीन बेटियां हैं| जिनमे से उनकी एक बेटी की मृत्यु हो चुकी है| उम्मीदें लगाई जा रही हैं कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी भाभी जी की शोकसभा में शामिल होने अहमदाबाद जाएंगे|
Image Source : Google